बड़वानी जिले के सेंधवा में बुधवार को 9 नए कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए, इसके साथ ही पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 12 पहुंच गया है। अमन नगर में कोरोना पॉजिटिव 3 मरीज मिलने के बाद कुछ अन्य संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए इंदौर भेजे गए थे। इनमें से 28 की रिपोर्ट बुधवार दोपहर आई, जिसमें इनमें से 9 कोरोना पॉजीटिव मिले। वहीं, 19 की रिपोर्ट नेगिटिव आई है। 9 पॉजीटिव में से 8 खलवाड़ी मोहल्ला क्षेत्र के हैं। एक सिविल अस्पताल सेंधवा का कर्मचारी है। इससे अस्पताल के कर्मचारी भी चिंतित हैं। कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ने के बाद एसडीएम, बीएमओ सहित अन्य अधिकारी सिविल अस्पताल पहुंचे। जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है वे पहले से ही निजी अस्पताल में क्वारैंटाइन हैं। दूसरी ओर खरगोन में पेरिस से लौटे आसनगांव निवासी सीए के परिवार के 17 लोगों की रिपोर्ट बुधवार को निगेटिव आई। वहीं, मंगलवार रात व्यापारी की बुजुर्ग मां की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई, जिनकी मौत हो चुकी है। इस तरह खरगोन जिले में अब तक 12 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, जिनमें से दो की मौत हो चुकी है।
मंगलवार को 18 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई थी
शहर के अमन नगर में एक ही परिवार की 3 महिलाएं कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद क्षेत्र में भय का माहौल हैं। सर्दी-खांसी, गले में दर्द की समस्या से पीड़ित 45 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से 18 की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है। राहत की बात ये है कि सभी निगेटिव है, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है, उनमें कोरोना संक्रमित परिवार के सदस्य व स्वास्थ्यकर्मी शामिल हैं। 27 लोगों की रिपोर्ट आना शेष है। सिविल अस्पताल से प्राप्त जानकारी के सऊदी अरब से लौटे अमन नगर निवासी बुजुर्ग व्यक्ति की 30 मार्च को मौत हो गई थी। इसके बाद उनके परिवार के 4 सदस्यों को बड़वानी में आइसोलेट कर जांच के लिए सैंपल भेजे गए थे। शनिवार को परिवार के 3 सदस्यों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद प्रशासन अलर्ट हुआ था। संक्रमित महिलाओं, बुजुर्ग की मौत के पहले उनके संपर्क में आए परिवार के सदस्य व आसपास के लोग, बुजुर्ग का इलाज करने वाले निजी व सिविल अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मचारियों सहित 40 के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। इसके बाद मंगलवार को 5 सैंपल लिए गए थे। इनमें मृतक बुजुर्ग का बेटा, परिजनों के संपर्क में आने वाले आठ लोग, एक मंडी कर्मचारी, सिविल अस्पताल के 6 कर्मचारी और निजी अस्पताल के दो कर्मचारियों की रिपोर्ट शामिल है।
इन लोगों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव
सिविल अस्पताल से भेजे गए सैंपलों में बुधवार को 9 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें एक अस्पतालकर्मी सहित मदीना नगर और अमन नगर के 8 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है। बुधवार को भी विभिन्न वार्डों के घरों में सर्वे हुआ।
पेरिस से लौटे संक्रमित युवक के परिवार के 17 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई
वहीं, खरगोन में पेरिस से लौटे आसनगांव निवासी सीए के परिवार के 17 लोगांे की रिपोर्ट बुधवार को निगेटिव आई। वहीं, डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टॉफ के सभी लोगों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के डरबन से दिल्ली स्थित निजामुद्दीन मरकज में एक दिन की यात्रा कर लौटे सहकार नगर के कोरोना पॉजिटिव व्यापारी (49) के बाद उनके परिवार में मां, पिता व छोटे भाई, पत्नी व उनके परिवार 4 बच्चों की भी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। व्यापारी उसकी पत्नी (43) के साथ 21 मार्च को लौटा था। उसके बाद वह 8 दिन तक शहर व परिवार के साथ रहा। इस दौरान गंभीर बीमार बुजुर्ग मां की तीमारदारी की, जिनकी 4 अप्रैल की सुबह मौत हो गई। मंगलवार रात 10 बजे जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में बुजुर्ग मां की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई। इस तरह खरगोन जिले में कोरोना से मौत का यह दूसरा मामला है। जबकि कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 12 पॉजिटिव हो गई। इसमें धरगांव के होटल व्यवसायी बुजुर्ग (62) व सहकार नगर की व्यापारी की मां (70) की मौत हो चुकी है। जिले में धरगांव, बड़गांव, आसनगांव व सहकारनगर को कंटेनमेंट एरिया घोषित किया गया है। यहां के लोगों की स्वास्थ्य विभाग का दल रोज स्क्रीनिंग करा रहा है। खरगोन जिले से अभी भी 117 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।
प्रदेश में अब तक 26 ने दम तोड़ा
इंदाैर में मृतकों की संख्या
- 25 मार्च - सिलावटपुरा निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ा।
- 30 मार्च - धार राेड निवासी 49 वर्षीय महिला ने दम तोड़ा।
- 30 मार्च - राजकुमार कॉलोनी निवासी 41 वर्षीय व्यक्ति की मौत।
- 30 मार्च - चंदन नगर निवासी 80 वर्षीय वृद्धा की मौत।
- 01 अप्रैल - ग्रीन पार्क काॅलोनी निवासी 56 वर्षीय व्यक्ति ने दम तोड़ा।
- 02 अप्रैल - मोती तबेला निवासी 54 वर्षीय व्यक्ति की एमवाय अस्पताल में मौत हुई।
- 02 अप्रैल - खजराना क्षेत्र निवासी 65 वर्षीय वृद्धा ने दम तोड़ा।
- 03 अप्रैल - खजराना निवासी 54 वर्षीय व्यक्ति की माैत।
- 03 अप्रैल - नेहरू नगर निवासी 30 वर्षीय युवा की मौत।
- 04 अप्रैल - हाथीपाला क्षेत्र निवासी 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत।
- 04 अप्रैल - अनूप नगर निवासी 60 वर्षीय महिला ने दम तोड़ा।
- 05 अप्रैल - स्नेहलतागंज की रहने वाली 53 वर्षीय महिला की मौत।
- 05 अप्रैल - उदापुरा निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति ने दम तोड़ा।
- 05 अप्रैल - शिक्षक नगर निवासी 84 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ा।
- 06 अप्रैल - जेल रोड निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति ने दम तोड़ा।
- 06 अप्रैल - रानीपुरा निवासी 49 वर्षीय व्यक्ति ने दम तोड़ा।
उज्जैन में 5 हुआ मौत का आंकड़ा
- 24 मार्च - उज्जैन की रहने वाली 65 वर्षीय वृद्धा की मौत।
- 27 मार्च - उज्जैन में 34 साल के बैटरी व्यवसायी की मौत। इनकी रिपोर्ट मौत के दो दिन बाद पॉजिटिव आई।
- 04 अप्रैल - उज्जैन के दानीगेट निवासी 55 साल की महिला की माैत, दाे दिन बाद रिपाेर्ट पॉजिटिव आई।
- 04 अप्रैल - कोट मोहल्ला निवासी 42 वर्षीय महिला की माैत, इनकी भी रिपोर्ट दो दिन बाद आई।
- 05 अप्रैल - रामप्रसाद भार्गव मार्ग बड़ी सब्जी मंडी क्षेत्र निवासी 65 वर्षीय महिला की मौत। रिपोर्ट एक दिन बाद आई।
खरगाेन में माैत
- 29 मार्च - खरगोन के 65 वर्षीय वृद्ध की माैत। इनकी रिपाेर्ट मौत के दो दिन बाद आई
- 04 अप्रैल - होटल व्यवसायी की 70 वर्षीय बुजुर्ग मां की मौत।
छिंदवाड़ा में मौत
- 04 अप्रैल - छिंदवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती 33 साल के युवक की मौत।
भोपाल में मौत
- 05 अप्रैल - भोपाल के इब्राहिमगंज निवासी 52 साल के व्यक्ति ने दम ताेड़ा।
रतलाम में मौत
- 04 अप्रैल - लोहर रोड निवासी 60 वर्षीय बुजुर्ग ने इलाज के दौरान दम तोड़ा।