कोरोनावायरस के संक्रमण से बुरहानपुर जिला अब तक बचा हुआ है। हालांकि संदिग्धों का मिलना जारी है। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सर्वे कर कोरोना संक्रमित मरीजों की पहचान में जुटा है। जिले से सात संदिग्धों के सैंपल जांच के लिए भोपाल भेजे गए। इनमें से चार लोग धार्मिक यात्रा करके लौटे हैं। ये चारों 20 मार्च को महाराष्ट्र के मलकापुर से लौटे थे। इस कार्यक्रम में शामिल एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है।
बुरहानपुर जिले से अब तक 29 संदिग्धों के सैंपल भेजे गए हैं। इनमें से 16 की रिपोर्ट आई है और शुक्र है सभी निगेटिव हैं। अभी 13 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता संदिग्धों की पहचान और तुरंत उनके सैंपल भेजकर जांच कराना है। विभाग को महाराष्ट्र से बोहरा समाज के चार लोगों के आने की जानकारी मिली थी। विभाग की टीम तुरंत उनसे संपर्क करने पहुंची और जांच के लिए उनके सैंपल लिए। ये चारों लोग महाराष्ट्र के मलकापुर में एक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे, इसी कार्यक्रम में शामिल एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। जिसकी जानकारी पुलिस-प्रशासन को दी गई थी।
स्वास्थ्य विभाग ने तीन अन्य लोगों के भी सैंपल भेजे हैं। इनमें एक पुलिस जवान, बैंगलुरु से लौटा छात्र और सर्दी-खांसी से पीड़ित एक अन्य युवक शामिल है। छात्र बैंगलुरु से 20 मार्च को लौटा था। सर्दी-खांसी होने पर जांच के लिए वह खुद ही जिला अस्पताल पहुंच गया। शंका होने पर उसका सैंपल लिया है। इसी तरह पुलिस जवान का भी स्वास्थ्य खराब होने पर उसका सैंपल लिया गया है। सैंपल लेने के बाद सभी को होम क्वारंटाइन किया गया है। उन्हें लोगों से मिलने और किसी के भी संपर्क में आने से मना किया गया है। इनके घरों के बाहर भी होम क्वारंटाइन की जानकारी लिखी गई है। ताकि लोग सावधानी बरतें।
अस्पताल में लगाई सैनिटाइजर मशीन
अस्पताल में संक्रमण से बचाव के लिए सैनिटाइजर मशीन लगाई गई है। अस्पताल में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति को इससे गुजरना होगा। यह मशीन शहर की टैक्समो पाइप फैक्ट्री द्वारा बनाई गई है। ऐसी दो मशीनें हैं। एक कलेक्टोरेट और दूसरी जिला अस्पताल में लगाई गई है। अस्पताल में एक ही गेट से प्रवेश दिया जा रहा है। किसी को भी प्रवेश देने से पहले मशीन के बीच से गुजरना होगा। मशीन के चारों ओर लगे फव्वारों से सोडियम हाईपोक्लोराइड का स्प्रे किया जा रहा है। इससे व्यक्ति पूरी तरह सैनिटाइज हो रहा है।
राशन लेने बड़ी संख्या में पहुंचे लोग
सरकार ने देश में कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या को देखते हुए 14 अप्रैल के बाद भी लॉकडाउन जारी रखने के संकेत दिए हैं। इसकी खबर लगते ही लोग जरूरी सामान एकत्र करने में जुट गए हैं। शासकीय उचित मूल्य दुकानों से राशन का आवंटन शुरू हो गया है। यहां बड़ी संख्या में लोग राशन लेने पहुंच रहे हैं। हालांकि यहां सोशल डिस्टेंस का पालन करने को लेकर सख्ती बरती जा रही है। देश में कई राज्यों ने लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक बढ़ाने का निर्णय लिया है। प्रदेश सरकार ने भी साफ कर दिया है कि वर्तमान स्थिति में लॉकडाउन खत्म नहीं किया जा सकता।